(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मुहर्रम पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।








