रिपोर्ट- पवन कुमार
सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला शातिर फर्जी दरोगा रवि परासर एक बार फिर कानून के शिकंजे में फंस गया है। खुद को पुलिस का दरोगा बताकर लोगों को डराने-धमकाने और गुमराह करने वाला यह आरोपी इस बार बक्सर जिले में एक युवती के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ पकड़ा गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह कोई पहली या दूसरी बार की घटना नहीं है। रवि परासर इससे पहले भी दो बार फर्जी दरोगा बनकर शराब तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बावजूद उसने न तो सबक लिया और न ही अपनी गैरकानूनी गतिविधियां छोड़ीं। नतीजतन, तीसरी बार उसकी असलियत फिर से उजागर हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी फर्जी पुलिस पहचान का सहारा लेकर शराब के अवैध कारोबार को बेखौफ अंजाम देता था। बक्सर उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे धर दबोचा गया, जिसके बाद उसके फर्जीवाड़े की पूरी कहानी सामने आई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके आपराधिक नेटवर्क, पिछले मामलों और यह भी जांच की जा रही है कि उसने फर्जी दरोगा बनकर अब तक कितने लोगों को ठगा है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
लगातार तीसरी बार गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है, ताकि भविष्य में वह कानून को ठेंगा दिखाने की हिम्मत न कर सके।









