लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित देश के सबसे बड़े शॉपिंग डेस्टिनेशंस में से एक, लुलु मॉल (Lulu Mall Lucknow) पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, विभाग ने मॉल का बैंक अकाउंट सीज कर दिया है। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के बकाया टैक्स को लेकर की गई है।
27 करोड़ की टैक्स चोरी का मामला
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग को जांच के दौरान 27 करोड़ रुपये की आय पर टैक्स जमा न किए जाने के सबूत मिले हैं। बताया जा रहा है कि लुलु मॉल का बैंक अकाउंट बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) में है। साल 2025 के ट्रांजैक्शन की गहन जांच के बाद जब टैक्स चोरी की पुष्टि हुई, तो विभाग ने तत्काल प्रभाव से अकाउंट को फ्रीज करने का आदेश दिया।
लुलु मॉल और विवादों का पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब शहीद पथ स्थित लुलु मॉल चर्चा में आया हो। उद्घाटन के बाद से ही यह मॉल कई बड़े विवादों से घिरा रहा है:
- नमाज विवाद: साल 2022 में मॉल परिसर के अंदर नमाज पढ़ने को लेकर भारी विवाद हुआ था।
- हलाला मीट और धर्मांतरण: मॉल का नाम हलाला मीट और धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोपों में भी आ चुका है।
- रेप और प्रताड़ना का मामला: इसी साल जुलाई में एक कैश सुपरवाइजर पर अपनी महिला सहकर्मी को नशीला पदार्थ देकर रेप करने और बाद में धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
भव्यता के लिए जाना जाता है लुलु मॉल
करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बना लखनऊ का लुलु मॉल लगभग 22 लाख वर्ग फीट में फैला हुआ है। इसमें इंटरनेशनल ब्रांड्स, गेमिंग ज़ोन, मल्टीप्लेक्स और एक विशाल फूड कोर्ट मौजूद है। इनकम टैक्स की इस हालिया कार्रवाई ने बिजनेस जगत में हड़कंप मचा दिया है।









