अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में मकर संक्रांति के पावन पर्व के साथ ही खिचड़ी मेला और माघ मेला शुरू होने जा रहा है। 15 जनवरी को मकर संक्रांति स्नान एवं खिचड़ी मेले का आयोजन होगा, जबकि 18 जनवरी से माघ मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों को लेकर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है।
संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अयोध्या जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने व्यापक स्तर पर क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। जिला प्रशासन के अनुसार यदि श्रद्धालुओं की संख्या अयोध्या धाम की निर्धारित क्षमता से अधिक होती है, तो रूट डायवर्जन व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाएगी।
प्रमुख मार्गों पर होल्डिंग एरिया, जत्थों में मिलेगा प्रवेश
अयोध्या को जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को अस्थायी रूप से इन्हीं क्षेत्रों में रोका जाएगा। जैसे ही दबाव कम होगा, श्रद्धालुओं को जत्थों में अयोध्या धाम की ओर प्रवेश दिया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी को अनावश्यक परेशानी न हो।
राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में अतिरिक्त सुरक्षा
राम मंदिर और हनुमानगढ़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा।
सरयू घाटों पर कड़े इंतजाम, NDRF और जल पुलिस तैनात
सरयू नदी के सभी स्नान घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घाटों को सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित अधिकारी और सीओ स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।
इसके साथ ही गोताखोर, जल पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
स्वास्थ्य, पेयजल और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
जिला प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सूचना केंद्रों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
SSP गौरव ग्रोवर का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि माघ मेला और प्रमुख स्नान तिथियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। घाटों पर जल पुलिस और NDRF की टीमें लगातार तैनात हैं। पूरे मेला क्षेत्र में CCTV कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है। भारी भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
नगर निगम की तैयारी
नगर निगम के नगर आयुक्त जनेंद्र कुमार ने बताया कि माघ मेले को ध्यान में रखते हुए नगर निगम अयोध्या द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। घाटों पर अस्थायी रैन बसेरे, जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके। साथ ही सभी घाटों पर मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया गया है।









