सीतामढ़ी - सीतामढ़ी के बथनाहा थाना क्षेत्र का चर्चित फेकन पासवान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड की परतें खुलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आम लोगों के होश उड़ गए। जिस शख्स को परिवार का सहारा माना जाता था, उसी की हत्या की साजिश घर के भीतर रची गई थी।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि फेकन पासवान की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी दूसरी पत्नी अनीता देवी और उसके दो बेटों ने मिलकर की थी। 30 दिसंबर की रात जब फेकन गहरी नींद में था, तभी इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। बेहद बेरहमी से दबिया से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की साजिश भी पूरी तैयारी के साथ रची गई। धड़ को बोरे में भरकर एक जगह फेंका गया, जबकि सिर को दूसरी जगह ठिकाने लगा दिया गया, ताकि पहचान न हो सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
वारदात के बाद आरोपी इतने शातिर निकले कि बिहार छोड़कर असम चले गए। हालांकि, सीतामढ़ी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पत्नी अनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों बेटे अरुण कुमार और रिशु कुमार को असम से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध और संपत्ति विवाद मुख्य वजह बने। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









