रिपोर्ट - चंदन कुमार
समस्तीपुर: ओएनजीसी फ्रंटियर बेसिन, देहरादून के सहयोग से आरुही विकास संस्थान द्वारा समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड के दो प्राथमिक विद्यालयों – राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दौलतपुर (उर्दू) और राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बेगमपुर वार्ड 13 (अनुसूचित जाति) – को डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है।
यह पहल एसओसीएच कार्यक्रम के तहत की गई, जिसमें दोनों विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। प्रत्येक विद्यालय में पाँच-पाँच कंप्यूटर, UPS, डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर टेबल-कुर्सियां, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षित वायरिंग व्यवस्था, के-यान डिवाइस, पेंटिंग और पाँच-पाँच सीलिंग फैन लगाए गए हैं। सभी उपकरणों के लिए समुचित विद्युत और तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे डिजिटल स्कूल और स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना सफलतापूर्वक की जा सके।
इस अवसर पर आरुही विकास संस्थान के पदाधिकारी श्री लवकुश यादव और ज्ञान रौशन उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनके शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
आदर्श प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर (उर्दू) के प्रधानाध्यापक संजीत भारती ने ओएनजीसी के पदाधिकारियों को पौधा भेंट कर सम्मान व्यक्त किया और संस्था की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया। मौके पर दोनों विद्यालयों के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएँ भी उपस्थित थे।









