रिपोर्ट - मो० काजीरुल शेख
पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के निर्देश पर शनिवार को पाकुड़ जिला कमेटी द्वारा बाजार समिति के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह धरना केंद्र सरकार द्वारा लाए गए VB-G RAM G बिल के विरोध में किया गया।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष एजाजुल इस्लाम ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर नया कानून लाया है, जो पूरी तरह अनुचित और जनविरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल के जरिए मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि झामुमो इस कानून का हर स्तर पर विरोध करेगी। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह आंदोलन शुरू किया गया है और जब तक यह बिल वापस नहीं लिया जाता, पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस मौके पर पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम यादव ने केंद्र सरकार पर मनमानी और दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता पर जबरन गलत कानून थोपे जा रहे हैं, जिससे गरीबों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों का शोषण हो रहा है।
श्याम यादव ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों को टूटने नहीं देंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड के विकास को बाधित नहीं होने देंगे।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।









