पाकुड़ - झारखंड सरकार की योजनाओं का सही उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की मिसाल पाकुड़ नगर के पुलिस लाइन स्थित दिशा गौशाला ने पेश की है। कामधेनु योजना के तहत शुरू हुआ यह छोटा सा प्रयास आज एक सफल उद्यम के रूप में स्थापित हो चुका है। गौशाला के संचालक मनोज कुमार शाह ने इसकी शुरुआत मात्र 20 गायों के साथ किया था। जो आज बढ़कर करीब 60 गायों तक पहुंच चुका है। लगन, मेहनत और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है कि दिशा गौशाला से प्रतिदिन लगभग 400 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इस दूध की आपूर्ति पाकुड़ बाजार क्षेत्र के घरों एवं मिठाई दुकानों में की जाती है। जिससे उन्हें प्रतिमाह एक से डेढ़ लाख रुपये तक की आय हो रही है।
मनोज कुमार शाह ने बताया कि इस कार्य की शुरुआत उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की थी। पति-पत्नी दोनों मिलकर गौशाला का संचालन कर रहे हैं। वर्तमान में गौशाला में 8 से 9 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। साथ ही कहा कि सरकारी योजनाएं यदि सही तरीके से जमीन पर उतारी जाएं तो आम लोग भी स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।









