RANCHI: झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व करने वाली सरकार द्वारा पेसा कानून की नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी दिए जाने के बाद राजधानी रांची में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस ऐतिहासिक फैसले के स्वागत में शहीद चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से भव्य “आभार यात्रा” निकाली गई।
आभार यात्रा के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाए, मिठाइयाँ बांटी और ढोल-नगाड़ों व गाजे-बाजे के साथ जमकर उत्सव मनाया। इस मौके पर आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा इलाका उत्सवमय हो गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में नारे लगाते हुए उन्हें आदिवासी समाज के अधिकारों को मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर रांची जिला संयोजक मंडली के सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पेसा कानून की नियमावली की मंजूरी आदिवासी एवं ग्राम सभा के अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आदिवासी हितैषी सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आभार यात्रा में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए और सरकार के इस फैसले को आदिवासी समाज के लिए मील का पत्थर बताया।









