नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र शुक्रवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वंदे मातरम के बाद सदन की कार्यवाही समाप्त करने की घोषणा की। सत्र के समापन के बाद संसद भवन में एक दिलचस्प और सौहार्दपूर्ण राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक साथ चाय पर चर्चा करते नजर आए।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शीतकालीन सत्र की समाप्ति के अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। बैठक के बाद चाय पर अनौपचारिक बातचीत का दौर चला, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
इस दौरान पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रियंका गांधी के बीच हल्के-फुल्के माहौल में बातचीत हुई। नेताओं के बीच बातचीत के दौरान ठहाके भी सुनाई दिए, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना दिया। अक्सर सदन के भीतर तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिलते हैं, लेकिन सत्र के समापन पर यह सौहार्दपूर्ण दृश्य राजनीति के अलग रंग को दर्शाता नजर आया।
सूत्रों के मुताबिक, चाय पर हुई इस चर्चा में संसद की कार्यवाही, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामान्य राजनीतिक विषयों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। हालांकि, किसी भी राजनीतिक या नीतिगत मुद्दे पर औपचारिक चर्चा की जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि संसद का शीतकालीन सत्र कई अहम विधेयकों, बहसों और हंगामे के बीच संपन्न हुआ। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर टकराव देखने को मिला, लेकिन सत्र के अंत में नेताओं का यह आपसी संवाद सकारात्मक संदेश देता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसे मौके लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद और सौहार्द बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। भले ही राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर संवाद की गुंजाइश हमेशा बनी रहनी चाहिए।








