RAJRAPPA: झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर में शुक्रवार को आस्था और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब भारत के नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी वहां पहुंचे. मंदिर परिसर में पहुंचते ही उन्होंने विधि-विधान से मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया.
सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूंः एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी
एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वह यहां इसलिए आए क्योंकि माता रानी ने उन्हें बुलाया था. यहां आकर उन्हें एनर्जी और शांति महसूस हुई. उन्होंने कहा कि अगर माता रानी उन्हें फिर से बुलाएंगी, तो वह फिर आएंगे. उन्होंने मंदिर प्रशासन और बाकी सभी को धन्यवाद दिया. नेवी चीफ ने कहा कि देश की सुरक्षा अच्छी है और सही हाथों में है. जो भी हम पर बुरी नजर डालेगा, उसे बुरे नतीजे भुगतने पड़ेंगे. कहा नेवी अपना काम कर रही है. पृथ्वी पर 71% है, तो जहां भी पानी होगा, हमारी नेवी वहां पहुंचेगी, कभी भी, कहीं भी, किसी भी तरह से, क्योंकि भारत के समुंद्रतट की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है.
मन और आत्मा दोनों को सुकून मिला है- नौसेना प्रमुख
एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि वह शाम की आरती और पूजन में भी शामिल हो. उन्होंने कहा कि रजरप्पा की यह पावन धरती आध्यात्मिक शक्ति से परिपूर्ण है, जहां आकर मन और आत्मा दोनों को सुकून मिलता है.नौसेना प्रमुख ने देश की सुरक्षा को लेकर सख्त और स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि 'अगर हमारे देश की ओर कोई भी तिरछी नजर से देखेगा तो उसका अंजाम बुरा होगा. देश की कमान पूरी तरह सुरक्षित और सक्षम हाथों में है. जो भी भारत की ओर गलत नजर से देखेगा, उसे उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा.'
उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना पूरी तरह सतर्क, सशक्त और सक्षम है. भारत के समुद्री तटों की सुरक्षा के लिए नौसेना चौबीसों घंटे तैयार रहती है और किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है. देश की संप्रभुता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. नौसेना प्रमुख के इस दौरे से न केवल श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला, बल्कि यह संदेश भी गया कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और देश की सैन्य शक्ति पूरी तरह सजग है. आस्था और राष्ट्र रक्षा का यह संगम रजरप्पा में एक यादगार क्षण बन गया.









